Thursday, February 25, 2016

डायबिटीज और कैंसर भी हो सकता है...लगातार बैठकर कार्य करने से

अधिकतर कर्मचारीगण एवं छात्र बैठकर ही अपना कार्य करते हैं। कभी कभी कुछ मेहनती छात्र एवं कुछ कर्मचारी बैठकर कार्य करते समय इतने तल्लीन हो जाते हैं कि कब लगातार बैठे बैठे 4-5 घंटे का समय निकल जाता है कुछ पता ही नही चलता। जो कर्मचारीगण एवं छात्र लगातार बैठकर काम करने के आदि हैं वो कृपया ध्यान दें कि सारा दिन लगातार बैठकर काम करना आपकी सेहत के लिए बहुत ही हानिकारक साबित हो सकता है।
हाल ही में "American Cancer Society's Cancer Prevention Study-II" ने यह निष्कर्ष निकाला  है कि प्रतिदिन लगातार 6 घंटे या अधिक लगातार बिना ब्रेक लिए बैठकर कार्य करने से कैंसर एवं अन्य भयंकर बीमारी भी हो सकती हैं। 

लगातार बैठकर काम करने से शरीर को होने वाले नुकसान को ध्यान में रखते हुए हाल ही में विशेषज्ञों के एक अंतराष्ट्रीय पैनल का गठन हुआ है, जिसमें उन्होंने यह सुझाव दिया है कि जो कर्मचारीगण अकसर बैठकर कार्य करते हैं उनको कम से कम हर दो घंटे के बाद थोड़ी देर के लिए खड़े होकर चलना चाहिए या कोई अन्य हल्की शारीरिक क्रिया करनी चाहिए। ऐसा करने से आप "Non Communicable Diseases" (NCDs) जैसे डायबटीज, कार्डियोवैस्कुलर जैसी बीमारियो से बच सकते हैं। यह बिमारी आजकल उन युवा लोगो को भी अपनी चपेट में ले रही हैं जो लगातार बैठकर कार्य करने के आदी हैं। 

"Fortis C-Doc Center for Excellence for Diabetes, Metabolic diseases and Endocrinology" के चेयरमैन डॉ अनूप मिश्रा के अनुसार शारीरिक व्यायाम न करने के कारण अधिकतर युवा आज मोटापे और लिवर सम्बंधित बीमारियो के शिकार हैं, जबकि कुछ दशकों पहले ये बीमारी केवल बुजुर्ग लोगों में पायी जाती थी।

पिछले कुछ वर्षों से भारत में कुछ युवा हार्ट अटैक जैसी बीमारियो के शिकार भी हो रहे हैं। पिछले तीन दशकों में दिल के मरीजों कि संख्या में तीन गुना (2.5 % से 10 %) से अधिक बढ़ोतरी पायी गयी है। अकसर जब हम बिना ब्रेक लिए लगातार बैठकर कार्य करते हैं तो ऐसा करने से एक तो फैट अधिक बढ़  जाता है और दूसरे खून का प्रवाह धीरे होने लगता है, जिसके कारण ह्रदय में फैटी एसिड की अधिकता के कारण अवरोध उतपन्न होने लगते हैं।   

बिना ब्रेक लिए लगातार बैठकर कार्य करने से ह्रदय रोग के अतिरिक्त कुछ अन्य बीमारिया भी हो सकती हैं जिनमे कुछ प्रमुख इस प्रकार हैं-

  • लगातार बैठने से अग्नाशय अतिसक्रिय हो जाता है जिसके कारण यह अधिक इन्सुलिन उतपन्न करने लगता है और इसके कारण डायबिटीज की बीमारी होने लगती है। 
  • लगातार बैठकर कार्य करने से पैरो में खून का प्रवाह कम होने के कारण सूजन रहने लगती है। 
  • जहां एक और चलने फिरने से व्यायाम करने से हड्डियां मजबूत होती हैं वही दूसरी और लगातार बैठकर कार्य करने से हड्डियां कमजोर पड़ने लगती हैं।  
  • लगातार बैठकर झुककर कार्य करना जैसे कंप्यूटर पर टाइपिंग या लिखना-पढ़ना आदि से गर्दन में तनाव उत्पन्न होने लगता है जो धीरे-धीरे एक विकृति का रूप भी ले सकता है।    

इसलिए यदि आप ऑफिस में लगातार बैठकर कार्य करते हैं तो कम से कम हर दो घंटे बाद खड़े होकर चले या कोई हल्की शारीरिक क्रिया करे। जिस प्रकार लगतार बैठकर कार्य करना हानिकारक है, ठीक उसी प्रकार लगातार खड़े होकर कार्य करना भी हानिकारक है इसलिए अधिक देर तक खड़े होकर कार्य भी न करें।

यदि आप स्मोकिंग और ड्रिंकिंग के शौक़ीन हैं तो कृपया अपनी इस आदत को जितना कम हो सकता है उतना कम करें और पौष्टिक आहार लें।

No comments:

Post a Comment